
सरकाघाट/टिहरा (मंडी)। टिहरा पंचायत के चढवालका गांव निवासी राजन सुशांत पठानिया का चौथे दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। रविवार को युवक की शादी तय थी लेकिन दूल्हा बनने जा रहे युवक के घर न पहुंचने से परिजनों की शादी समारोह की तैयारी धरी की धरी रह गईं। युवक के परिजन व ससुराल पक्ष के लोग चिंतित हैं। पुलिस युवक की तलाश के लिए छानबीन में जुटी है।
चढवालका गांव निवासी राजन सुशांत पठानिया चंडीगढ़ में नौकरी करता है। 29 जनवरी को वह चंडीगढ़ बस स्टैंड से सरकाघाट आने के लिए बस में बैठा था। बस में बैठने से पहले राजन सुशांत ने अपनी बहन पूजा से भी मोबाइल फोन पर बात की लेकिन वह अगले दिन सरकाघाट नहीं पहुंचा। बताया जाता है कि 30 जनवरी की सुबह करीब सात बजे राजन सुशांत ने अपनी होने वाली मंगेतर से भी फोन पर बात कर जाहू पहुंचने की बात कही लेकिन उसके बाद से युवक का फोन स्विच ऑफ है। परिजनों की शिकायत पर सरकाघाट थाना पुलिस ने युवक का मोबाइल आब्जरवेशन पर लगाया था। इसकी लोकेशन ऊना के आसपास पाई गई। चार दिन बीतने के बाद भी अभी तक युवक के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
राजन सुशांत के शादी से कुछ दिन पहले ही लापता होने से चढवालका गांव में उसके घर पर शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं। परिजनों भी अपने स्तर पर युवक की तलाश में जुटे हैं।
झडियार गांव में ससुराल पक्ष के लोग भी परेशान हैं। डीएसपी सरकाघाट केडी शर्मा का कहना है कि युवक की तलाश की जा रही है। हर जगह वायरलेस मैसेज कर दिए हैं।