संतोषगढ़ (ऊना)। यहां के वीरभद्र चौक पर पुलिस ने इमारती एवं बालन लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ने में सफलता हासिल की है। लकड़ी आधी रात के समय तस्करी के लिए पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस दौरान लकड़ी की तस्करी करने के आरोप में दो लोगों को भी हिरासत में लिया है। जबकि घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। लकड़ी की अनुमानित कीमत कितनी है, इस बारे में अभी खुलासा नहीं हो सका है। वन विभाग कीमत का आकलन करेगा। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोषगढ़ पुलिस चौकी के सहायक उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह ने मध्य रात्रि संतोषगढ़ नगर के वीरभद्र चौक में टीम सहित नाकेबंदी कर रखी थी।
इसी दौरान मार्ग पर एक ट्रक आया, जिसे पुलिस ने चैकिंग के लिए रोका। चैकिंग करने पर ट्रक से शीशम, ककड की लकड़ी सहित बालन की लकड़ी लदी हुई बरामद की गई। पुलिस की ओर से लकड़ी के संदर्भ में दस्तावेज मांगे जाने पर ट्रक में सवार दो लोग कुछ नहीं दिखा सके। जिसके चलते पुलिस ने इस संदर्भ में वन अधिनियम की धाराएं लगाकर मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक रछपाल सिंह पुत्र खेम सिंह निवासी सलोह एवं भजन सिंह पुत्र संसार सिंह निवासी बालीवाल को नामजद किया गया है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि लकड़ी की कीमत का आकलन वन विभाग करेगा।