अवैध रूप से जमीन की खरीद फरोख्त का आरोप

नादौन (हमीरपुर)। बरेटी गांव वासियों ने भट्ठा में जमीन की अवैध खरीद फरोख्त होने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि भू माफिया मिली भगत करके अवैध खरीद फरोख्त कर रहा है जिसकी विभाग कोे भी खबर नहीं है। बरेटी गांव वासियों रविकांत, उमा दत्त, राज कुमार, किशोरी लाल, विपन, गांधी सहित अन्य लोगों ने आशंका व्यक्त की कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे भट्ठा गांव में लगभग 37 कनाल भूमि शामलात है। जमीन पर मालिकाना हक साथ लगते बरेटी गांव के निवासियों को मिला हुआ है परन्तु कब्जा पूरे गांव का सांझा होने के कारण बाहरी लोग अवैध खरीद फरोख्त में लगे हुए हैं। सवाल किया कि जमीन का तक्सीम संबंधी मामला अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद खरीद फरोख्त कैसे हो सकती है। शामलात के साथ लगती थोड़ी बहुत भूमि खरीद कर शामलात के अधिकतर हिस्से पर कब्जे करने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र जिस पर कभी बरेटी निवासियों का कब्जा था, अब बरेटी निवासी केवल 10 प्रतिशत हिस्से पर ही काबिज रह गए हैं। इससे अब स्थिति यह हो गई है कि क्षेत्र में 90 प्रतिशत हिस्से पर बाहरी क्षेत्रों के लोग काबिज हो गए हैं। लोगों ने स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन से ठोस कार्रवाई करने की मांग की।
इस संबंध में तहसीलदार नादौन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में ऐसा होना कठिन है परन्तु यदि इस तरह का कोई भी मामला उनके ध्यान में आएगा तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोगों के ध्यान में अगर ऐसा कोई भी मामला है तो उसकी जानकारी विभाग को दें, कार्रवाई होगी।

Related posts