अवैध पेड़ कटान मामले में गार्ड सस्पेंड

चौपाल (शिमला)। उपतहसील नेरवा के अंतर्गत पुजारली बीट के चुंजर वन में 52 कायल तथा देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। वन विभाग ने अवैध पेड़ कटान का नेरवा पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पेड़ कटाने मामले में वन विभाग ने फारेस्ट गार्ड को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच के लिए गठित वन विभाग की टीम ने मौके पर से 160 स्लीपरों को बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेरवा उप तहसील की पुजारली बीट के चुंजर वन में लंबे समय से पेड़ कटान का कार्य चल रहा था। इसकी गुप्त सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके का दौरा किया। इस दौरान वन विभाग की टीम को कटे हुए पेड़ों के मुंडे मिले। वन विभाग ने तुरंत अवैध पेड़ कटान का मामला पुलिस में दर्ज करवाया। विभाग ने मामले की जांच के लिए टीम का गठन भी किया है। जांच के लिए गठित टीम ने वन के निरीक्षण के दौरान वहां से 160 स्लीपर बरामद कर लिए हैं। इनकी कीमत 12 लाख 87 हजार रुपये आंकी गई है। डीएफओ ने कार्रवाई करते हुए बीट के गार्ड कंवर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। छानबीन के दौरान झीना बीट में भी वन विभाग ने 25 कायल के स्लीपर पकड़े हैं। पुलिस थाना नेरवा के एसएचओ मदन धीमान ने अवैध पेड़ कटान का मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बीओ भागमल शर्मा ने बताया कि जंगल में छानबीन के दौरान 160 स्लीपरों को बरामद कर लिया है, जिनकी कीमत लाखों में आंकी गई है। वन मंडल अधिकारी चौपाल जंगवीर सिंह दुल्टा ने बताया कि बीट के गार्ड को सस्पेंड कर दिया है। दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Related posts