
नूरपुर (कांगड़ा)। भाजपा ने नए संगठनात्मक जिलों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी के अंतर्गत नवगठित संगठनात्मक जिला नूरपुर का चुनाव मंगलवार को लोनिवि विश्रामगृह में भाजपा उपाध्यक्ष एवं नूरपुर जिला चुनाव प्रभारी अजय राणा की अगुवाई में हुआ। इसमें सर्वसम्मति से नूरपुर जिला का अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर को चुना गया। वहीं कंडवाल पंचायत प्रधान रणवीर सिंह निक्का तथा इंदौरा क्षेत्र से रीता देवी को महामंत्री चुना गया।
चुनाव प्रभारी अजय राणा ने बताया कि नूरपुर जिला अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए फतेहपुर मंडल अध्यक्ष चैन सिंह, नूरपुर मंडल अध्यक्ष लेखराज, जवाली मंडल अध्यक्ष रमेश राणा, इंदौरा मंडल अध्यक्ष घनश्याम संबयाल तथा इन विस क्षेत्रों से चुने गए डेलीगेटों ने भाग लिया। इनमें इंदौरा से रणजीत पठानिया, फतेहपुर से शेर सिंह, जवाली से अर्जुन ठाकुर, नूरपुर से दिलबाग गुलेरिया शामिल रहे। वहीं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी अजय राणा ने नूरपुर जिलाध्यक्ष तथा समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस लें और भाजपा हाईकमान की ओर से तय प्रत्याशी को भारी मतों से लीड दिलवाएं।
वहीं नूरपुर जिला अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया। कहा कि नूरपुर जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जो कमान सौंपी है, उस पर वह खरा उतरेंगे। भाजपा को एक सुदृढ़ करने में जी तोड़ मेहनत करेंगे।
इस अवसर पर डा. राजीव भारद्वाज, डा, रूप लाल, राजेश ठाकुर, ओपी चौधरी, संजय उपाध्याय, सुंदर सिंह, मदन राणा, रविंद्र गुलोेरिया, जोगिंद्र शर्मा, अधिवक्ता प्रीतम राणा, संजय महाजन, पुनीत गौतम तथा अन्य भाजपा कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।