रोहडू। भाजपा युवा मोर्चा के नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण फाल्टा के सम्मान में देव सांस्कृतिक मंच तथा युवा भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरुण फाल्टा का ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार अभिनंदन किया।
सम्मान समारोह में नवनिर्वाचित भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण फाल्टा ने कहा कि प्रदेश लोकसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को कमर कसनी होगी। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जो दायित्व उन्हें सौंपा है, वह उसे पूरा करेंगे। भाजयुमो कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेेंगे। कहा कि संगठन की सामूहिक शक्ति से भाजपा को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। कांग्रेस और भ्रष्टाचार का चोली दामन का साथ है। केंद्र में कांग्रेस सरकार के नेता लगातार भ्रष्टाचार में फंस रहे हैं। अब कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का उद्देश्य भाजपा को मजबूत करना है। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा तथा भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा मंडल जुब्बल कोटखाई के प्रवक्ता राकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश जनारथा, वीना शुक्ला, अजय बिष्ट, अनिल चतरांटा तथा रक्षा मंच के संयोजक पवन चौहान सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।