अभियान के दौरान एक पर्वतारोही की मौत

उत्तरकाशी। गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में मंदा पर्वत पर आरोहण के लिए गए दल में शामिल एक पर्वतारोही की बेस कैंप केदार खर्क में मौत हो गई। जिससे दल को अपना अभियान रोक कर लौटना पड़ा।
माउंट सपोर्ट एजेंसी के माध्यम से 27 मई को 33 सदस्यीय भारतीय पर्वतारोही दल मंदा पर्वत पर आरोहण के लिए रवाना हुआ था। इस दल में 10 पर्वतारोही, एक गाइड, एक हेल्पर और एक कुक सहित 20 पोर्टर भी शामिल थे। 10 जून को बेस कैंप केदार खर्क पहुंचने पर यहां पर्वतारोही विश्वजीत बोस(40) पुत्र विपद बोस निवासी कोलकाता की तबियत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
माउंट सपोर्ट के जयेंद्र सिंह राणा ने बताया कि पर्वतारोही की मौत की सूचना मिलते ही 12 जून को शव नीचे लाने के लिए 8 सदस्यीय रेस्क्यू टीम बेस कैंप भेजी गई। पर्वतारोही का शव गंगोत्री पहुंचा दिया गया है। अभियान के शुरुआत में ही इस दुखद घटना से यह दल बेस कैंप से ही वापस लौट आया है। इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दे दी गई है।

Related posts