
आनी (कुल्लू)। निरमंड पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष अब 18 अप्रैल को चुने जाएंगे। शुक्रवार को एक सदस्य के बैठक में शरीक न होने से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन नहीं हो पाया। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने चुनाव की तिथि 18 अप्रैल को निर्धारित की है।
निरमंड पंचायत समिति में भाजपा समर्थित अध्यक्ष ऊषा भारती और उपाध्यक्ष योगेश भार्गव के खिलाफ तीन अप्रैल को कांग्रेस समर्थकों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। दोनों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर शुक्रवार को यहां अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चयन की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन इसमें एक सदस्य के शरीक नहीं होने से चुनाव टल गए। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव स्थगित हो गए। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन के लिए 18 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक बैठक में जो सदस्य शरीक नहीं हुआ था, वह कांग्रेस समर्थित है। अपनी पार्टी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में इस सदस्य के शरीक न होने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। बहरहाल, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर आसीन होने का सपना देख रहे सदस्यों को फिलहाल 18 अप्रैल तक इंतजार करना पड़ेगा। इस तिथि में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव होगा या नहीं, यह देखना बाकी है।