![](https://indianbulletin.com/wp-content/uploads/2024/12/WhatsApp-Image-2024-12-17-at-1.40.45-PM.jpeg)
रोहड़ू। स्थानीय बाजार में सोमवार को कई घंटे लोग जाम में फंसे रहे। बारिश के मौसम में आठ सौ मीटर बाजार में करीब पौने घंटे तक लोग जाम में परेशानी झेलते रहे। पुलिस यातायात व्यवस्था सुधारने में लाचार नजर आई। सोमवार को सुबह दस बजे से रोहड़ू बाजार की मुख्य सड़क पर जाम शुरू हो गया। बाजार में पुलिस के एक दो जवान ही यातायात को व्यवस्थित करने में लगे थे। ग्यारह से एक बजे तक लोगों के जाम ने खूब पसीने निकाले। स्कूल वाहन, रोगी वाहन सहित आवश्यक कार्य के लिए घर से निकले लोग भी जाम में परेशान रहे।
दो दिन पहले शनिवार को रोहड़ू में सड़कों पर यातायात को सुधारने के लिए हर मोड़ पर पुलिस के जवान तैनात थे। ट्रैफिक की मानीटरिंग एसएचओ रोहड़ू सुबह से देर शाम तक स्वयं कर रहे थे। इस विशेष दिन में पुलिस के एक बड़े अधिकारी का रोहड़ू दौरा था। अधिकारी के निकलते ही यातायात फिर पुराने ढर्रे पर जा पहुंचा। राकेश चौहान, सुरेंद्र कुमार तथा सत्यदेव का कहना है कि पुलिस केवल अपने अधिकारियों के लिए रास्ते दुरुस्त रखती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी के निकलते ही फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि रोहडू में आईजी का दौरा था। इसलिए शनिवार को ट्रैफिक पर निगरानी रखी गई थी। उन्होंने कहा कि सोमवार को जाम से लोगों को जरूर परेशानी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस के कुछ जवान बाहर ड्यूटी पर भेजे गए हैं, इसलिए समस्या पेश आई।