रिवालसर (मंडी)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि सोने की चिड़िया के नाम से विख्यात देश को अंग्रेजों से ज्यादा कांग्रेस पार्टी ने लूटा। आज देश में कांग्रेस के काले कारनामों के चलते ही महंगाई तथा भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जबकि देश की सरहदें सुरक्षित नहीं हैं।
भाजपा के स्टार प्रचारक धूमल ने बुधवार को बल्ह हलके के लेदा में चुनावी जनसभा में यूपीए सरकार पर तीखे शब्दबाण छोड़े। उन्हाेंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हुई है, जिसे बदलने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेता नरेंद्र मोदी ने हाल ही में गोवा से देश की जनता का आह्वान किया है कि हमें कांग्रेस मुक्त भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत मंडी संसदीय उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर की जीत से होगी।
उन्हाेंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने मात्र तीन माह में ही 1700 करोड़ का कर्ज ले लिया है। बावजूद इसके सरकार के पास कर्मचारियाें को वेतन और पेंशनरों को पेंशन देने के लाले पड़ गए हैं। वीरभद्र सरकार डिपुआें में राजमाह एवं सफेद चने की दाल देने की बात कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि भाजपा सरकार के समय दी जा रही सस्ते राशन की मात्रा भी कांग्रेस ने कम कर दी है। भाजपा ने मंडी जिले में चार डिग्री कालेज खोल इतिहास रचा है। वहीं 168 करोड़ की सिंचाई वामतट परियोजना तथा मेडिकल कालेज नेरचौक भाजपा सरकार की उपलब्धि रही है। उन्होंने कांग्रेस को गपौड़ शंख की संज्ञा देते हुए कहा कि गप्पे हांकना ही कांग्रेस पार्टी का काम है। इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र कंवर, रणधीर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, जिला महामंत्री हेमपाल राणा, महिला नेता सरला डोगरा, प्रियंता शर्मा, संजय रावत आदि मौजूद थे।